क्वारंटीन सेंटर में पहुंचे अफसरों ने कराई थर्मल स्क्रीनिंग
-हरियाणा से आए 27 लोगों को भटनी में किया गया है क्वारंटीन
-14 दिन तक रखा जाएगा क्वारंटीन में, लक्षण मिलने पर लिया जाएगा सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। हरियाणा से आए लोगों को भटनी के लोटस पब्लिक स्कूूल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। मंगलवार को सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया। डीएम और सीएमओ ने क्वारंटीन सेंटर का हाल जाना। लक्षण के आधार पर इनका सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा।
गैर प्रांतों में फंसे लोगों को घरों तक पहुंचाया जा रहा है। देवरिया में हरियाणा से 27 लोग सोमवार की शाम को पहुंचे। देर शाम तक रोडवेज परिसर में इनकी बस रुकी रही। बाद में इनको भटनी के लोटस पब्लिक स्कूल में भेजा गया। दोपहर में डीएम अमित किशोर, सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय मातहतों के साथ पहुंचे। क्वारंटीन किए गए लोगों से रात में भोजन आदि की व्यवस्था की जानकारी डीएम ने ली। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अफसरों ने अपनी मौजूदगी में सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराई। कुछ लोगों का टैंपरेचर नार्मल से कम मिला, लेकिन किसी तरह का कोई लक्षण नहीं मिला। सीएमओ ने बताया कि 14 दिन तक इन लोगों को क्वारंटीन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर रखेगी। थोड़ा भी लक्षण मिलने पर इनका सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल सब कुछ नार्मल है।
10 लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव
कोरोना संदिग्धों की जांच आए दिन हो रही है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज भेजे गए दस लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। मंगलवार को भी कोरोना संदिग्ध पांच लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। सैंपल लेने के बाद इन लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। अभी तक जिले में 200 से अधिक कोरोना संदिग्धों की जांच हो चुकी है।
बुखार डेस्क पर पहुंच रहे लोग
जिला अस्पताल के बुखार डेस्क पर आने वाले कोरोना संदिग्धों की जांच की जा रही है। मंगलवार को 30 से अधिक लोग बुखार डेस्क पर आए। सर्दी जुकाम और बुखार से पीड़ित कई लोग मिले। इनकों डॉक्टरों ने होम क्वारंटीन का निर्देश दिया। पुणे से युवक के घर पहुंचने पर गांव वालों ने स्वास्थ्य टीम को सूचना दी। इसकी जानकारी होने पर वह अपने ससुराल भाग गया। ससुराल में गए युवक को देख लोगों ने पुलिस को जानकारी दिया। स्वास्थ्य टीम के साथ पहुंची पुलिस ने युवक का थर्मल स्क्रीनिंग कराया और उसके गांव भेजा। यहां पर 14 दिनों तक इसे क्वारंटीन किया गया।
रुद्रपुर में बनाए गए पांच क्वारंटीन सेंटर
रुद्रपुर के क्वारंटीन सेंटर में प्रवासीय लोगों की संख्या बढ़ने से पांच नए सेंटर बनाए गए है। लोग दिल्ली मुंबई और अन्य प्रदेशों से पलायन कर रहे है। दुग्धेश्वरनाथ मंदिर स्थित क्वारंटीन सेंटर में एक महिला सहित पांच लोगों को क्वारंटीन कराया गया।
रुद्रपुर नगर में पांच क्वारंटीन सेंटर बनाए गए है। इसमें 234 लोगों को रहने की व्यवस्था की गई है। हर क्वारंटीन सेँटर के प्रभारी को वहा एकांत वास कर रहे लोगों को भोजन कराने की जिम्मेदारी दी गई। गैर प्रांत और जिले से आने वाले हर शख्स को 14 दिन क्वारंटीन में रखा जा रहा है। कोविड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों को क्वारंटीन कराने में अतिरिक्त सर्तकता बरतने का निर्देश दिया गया है।