भाटपाररानी। नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती ने जनता को परेशानी में डाल दिया है। एक बार बिजली कट जाती है तो कब आएगी यह किसी को पता नहीं है। दिन हो या रात लोगों को अघोषित विद्युत कटौती का भय सताता रहता है। कटौती ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। गर्मी में छोटे बच्चे, महिला व बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली की कटौती से लोगों में सरकार के प्रति आक्रोश है।
नगरवासियों का कहना है कि वर्षों पूर्व लगाए गए तार जर्जर हो चुके हैं। जिसके चलते आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। ऐसे में लोगों के लिए और मुसीबत खड़ी हो जाती है। गर्मी के मौसम में लोग दिन तो किसी तरह काट लेते हैं । लेकिन रात में चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। उपनगर के राहुल, अशोक कुमार, सत्यदेव, कृष्णा, आशीष, नागेंद्र आदि ने बताया कि अघोषित विद्युत कटौती मुसीबत बन गई है। उमसभरी गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों ने इस व्यवस्था को ठीक करने की मांग की है। एसडीओ कांता नाथ पांडेय ने बताया कि जो बिजली मिलती है उसे सुचारू रूप से संचालित किया जाता है। फाल्ट होने पर विद्युत आपूर्ति बंद कर ठीक करनी पड़ती है, ताकि उसे जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।