- बरहज में जमीन विवाद के दौरान अधिवक्ता की मौत का मामला
रुद्रपुर। बरहज में जमीन के विवाद के दौरान हुई अधिवक्ता की मौत के बाद सोमवार को रुद्रपुर में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसील में नारेबाजी की। वकीलों ने एसडीएम न्यायिक नम्रता सिंह को ज्ञापन देकर अधिवक्ता के परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यानंद पांडे और महामंत्री विनोद पाठक के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम न्यायिक नम्रता सिंह को सौंपा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता बिजेंद्र सिंह के हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और उनके परिजनों को उचित मुआवजा देते हुए अधिवक्ताओं पर आए दिन हो रहे हमले का संज्ञान लेकर अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल लागू किया जाए।
अधिवक्ताओं ने कहा कि मृतक अधिवक्ता के आश्रितों को सरकारी नौकरी और परिवार को उचित सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही साथ यह मांग की गई की जिम्मेदार प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन में रमेश मणि, राजेश त्रिपाठी परशुराम मिश्र, नागेंद्र राव, विजय सिंह, असफाक अहमद, बृज बिहारी पांडेय, आनंद सिंह, रामेश्वर मणि, आनंद शंकर मणि, सत्य प्रकाश गुप्ता, कृष्ण मूर्ति मणि आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।