बरहज। बीआरडीबीडी पीजी काॅलेज आश्रम गेट के निकट शनिवार को एक प्राइवेट दुकान पर छात्रवृत्ति पोर्टल से नाम डिलीट कर दिए जाने की बात सामने आने पर छात्र और अभिभावक उग्र हो गए और हंगामा किया।
कुछ ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत किया। जबकि अभिभावकों ने अंगूठा लगाने के नाम पर 100-200 रुपये वसूलने का आरोप भी लगाया है।
नगर के अधिकांश सरकारी विद्यालयों की ओर से आश्रम गेट के निकट स्थित एक प्राइवेट दुकान से छात्रवृत्ति फाॅर्म पंजीकरण आदि कार्य कराए जाने की बात सामने आ रही है। 13 दिसंबर को छात्रवृत्ति लॉक किए जाने की अंतिम तिथि थी, जिससे दुकान पर फाॅर्म वेरीफाई कराने और बायोमेट्रिक अंगूठा लगाने के लिए छात्रों की भीड़ थी।
लोगों के अनुसार, दुकानदार की ओर से अंतिम तिथि बताते हुए नाम डिलीट करने की बात कहकर छात्रों को घर जाने के लिए कहा गया, जिससे छात्र और अभिभावक नाराज हो गए। मामला बिगड़ता देख दुकानदार विद्यालय के प्रधानाचार्य और बाबू द्वारा नाम डिलीट करने के लिए निर्देश दिया जाना बताया। दुकान पर छात्रवृत्ति लॉक कराने आये बिनोवापुर के प्रिंस गौतम, आदित्य, कोलखास के सचिन राजभर आदि का कहना था कि पिछले एक सप्ताह से दुकानदार द्वारा बुलाया जा रहा था लेकिन सर्वर आदि का हवाला देकर टरका दिया जा रहा था।
लोगों का यह भी कहना था कि सुबह विद्यालय का आदेश बताते हुए नाम डिलीट कर दिए जाने की बात कही गई। सभी का यह भी कहना था कि दुकानदार की ओर से 100-200 रुपये वसूल किया जा रहा था।