देवरिया। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता की हत्या के विरोध में मंगलवार को देवरिया जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे अधिवक्ता कलेक्ट्रेट परिसर में जुटे और नारेबाजी कर सुरक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को सौंपा।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव कांत मिश्र ने कहा कि कालपी में हुई घटना से पूरे प्रदेश का अधिवक्ता समाज आहत और आक्रोशित है। इस घटना ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में तत्काल एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की भी मांग रखी। ज्ञापन में कहा गया कि वकील न्याय और संविधान की रक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। अधिवक्ताओं ने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जायेगी।