सार्वजनिक शौचालय के विरोध में प्रदर्शन
आबादी के बीच शौचालय बनाए जाने पर आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
लार/मेहरौनाघाट। एक गांव में बन रहे सार्वजनिक शौचालय के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी के बीच बिना ग्रामीणों के साथ बैठक किए शौचालय बनाया जा रहा है। मामला बढ़ते देखकर ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस पहुंची तो ग्रामीण बैकफुट पर आ गए। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ।
प्रदेश सरकार गांवों को स्वच्छ और शौचमुक्त रखने की नीयत से चयनित ग्राम सभाओं में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करा रही है। ब्लॉक के हाटा गांव में बुधवार को शौचालय का निर्माण ग्राम सभा की भूमि पर होने के लिए नींव की खुदाई हो रही थी। इस की जानकारी होते ही सैकड़ों की गांववाले पहुंच गए। प्रधान पर आबादी के बीच शौचालय बनवाने व बिना खुली बैठक के निर्माण कराने का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। आरोप है कि जहां शौचालय बन रहा है वहां से कुछ ही दूरी पर धार्मिक स्थल है। लोग उसी रास्ते से होकर पूजा करने जाते हैं। इसको लेकर प्रधान और ग्रामीणों में कहासुनी हुई। ग्रामीणों के उग्र तेवर देखकर प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों में नोकझोंक भी हुई। मामला भांपकर चौकी इंचार्ज अमर नाथ सोनकर ने पुलिस बल बुला लिया। यह देखकर ग्रामीण बैकफुट पर आ गए। इसके बाद कार्य शुरू हुआ। उधर, ग्राम प्रधान इजहार अहमद ने बताया कि ग्रामसभा की भूमि है। पैमाइश कराकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। बेवजह ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि लोगों को समझा-बुझाकर कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।
फोटो समाचार
सड़क पर अतिक्रमण को लेकर किया हंगामा
नगर पंचायत के किशोर गंज का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 किशोर गंज में एक व्यक्ति द्वारा सड़क पर कब्जा किया जा रहा है। इसको लेकर वार्ड के लोगों में आक्रोश है। लोग अवैध निर्माण हटाने की मांग को लेकर बुधवार को एसडीएम के पास पहुंचे। जहां हंगामा करते हुए कब्जाधारक पर कार्रवाई की मांग की।
वार्ड के गंगा प्रसाद, वृद्धिचंद, विश्वम्भर, संजय, पूजा चौरसिया, अभिमन्यु पांडेय, त्रिलोकी, सत्यदेव आदि का आरोप है कि नगर पंचायत की मिलीभगत से सड़क पर कब्जा किया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व लोगों ने इसकी शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर की है। जब इसका निस्तारण नहीं हुआ तो बुधवार को एसडीएम दफ्तर पहुंचे। जहां नगर पंचायत पर मनमानी तरीके से कब्जा कराने का आरोप लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि तीन दिन के अंदर अगर नगर पंचायत कब्जा नहीं हटवाती है तो आंदोलन किया जाएगा। लोगों के तेवर देखकर एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल ने पत्रक लेकर जल्द ही कब्जा हटवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। पत्रक देने वालों में सभासद संजीव वर्मा, श्रीराम यादव, रामदेनी प्रसाद, सुमेश्वर सिंह, अशोक सिंह आदि शामिल रहे। इस बाबत ईओ अंकिता सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति नक्शे से हटकर अपना मकान बनवा रहा है। इसका विरोध वार्ड के लोग कर रहे हैं। शिकायत मिली है। निर्माण यदि सड़क में मिला तो वह नहीं हटाता है तो नगर पंचायत हटवा देगा।
फोटो समाचार
सभासद प्रतिनिधि ने एसडीएम को पत्रक देकर की कार्रवाई की मांग
सलेमपुर। नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक भरौली के सभासद प्रतिनिधि रामदेनी प्रसाद ने बुधवार को एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल से मिलकर एक पत्रक दिया। आरोप है कि पंद्रह दिन पूर्व चेयरमैन द्वारा मोबाइल पर उन्हें गाली देते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। इसकी तहरीर उन्होंने कोतवाली में दी है। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सभासद प्रतिनिधि ने मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। सभासद प्रतिनिधि के साथ अशोक सिंह, श्रीराम यादव, हंसनाथ कन्नौजिया, संजीव वर्मा आदि मौजूद रहे।