देवरिया/सोनूघाट। चौड़ीकरण के लिए प्रस्तावित देवरिया-सोनूघाट-बरहज मार्ग के रिवाइज एस्टीमेट से 1400 पेड़ कटने से बच गए। इस सड़क की चौड़ाई घटने से 3500 पेड़ ही काटने पड़ेंगे, जबकि पहले 4900 पेड़ काटने के लिए चिन्हित किए गए थे।
पेड़ काटने के लिए वन विभाग से एनओसी मांगी गई है। सड़क निर्माण के लिए चार जुलाई के बाद कार्यदायी एजेंसी चयनित की जाएगी। नए प्रस्ताव के अनुसार 21.75 किमी सड़क चौड़ीकरण पर 172 करोड़ खर्च होंगे। कम पेड़ कटने, जमीन का अधिग्रहण नहीं होने से लागत में भी कमी आएगी।
गोरखपुर-सलेमपुर फोरलेन के सोनूघाट चौराहे से बरहज के लिए सड़क शुरू होती है। सोनूघाट से बरहज के लवरछी मोड़ तक सड़क को फोरलेन किया जाना है। 21.75 किमी सड़क के चौड़ीकरण के लिए 227 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
तब सड़क की चौड़ाई 20 मीटर होनी थी। इसमें नौ-नौ मीटर के दोनों लेन और बीच में दो मीटर का सर्विस लेन बनना था।
इस प्रस्ताव के आधार पर करीब 4900 पेड़ प्रभावित हो रहे थे। कई जगह मकान तोड़ने की नौबत आती।
इस पर आपत्ति के बाद लोक निर्माण विभाग ने संशोधित प्रस्ताव तैयार किया। इसमें सड़क की चौड़ाई 20 मीटर से घटाकर 16 मीटर कर दी गई है। इसमें सात-सात मीटर के दोनों लेन और बीच में दो मीटर का डिवाइडर प्रस्तावित है।