शातिर बदमाश हरिवंश यादव की चल व अचल संपत्ति की कुर्क
सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के शातिर बदमाश हरिवंश यादव की चल व अचल संपत्ति शुक्रवार को प्रशासन ने कुर्क कर लिया। प्रशासन के मुताबिक, उसकी संपत्ति 19 लाख नौ हजार रुपये की है। उस पर बिहार समेत जनपद के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट व डकैती जैसी संगीन अपराधों समेत 43 मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि वह कुछ दिनों से वह जेल से बाहर है। करीब दो घंटे तक कुर्क की कार्रवाई चलती रही।
कोतवाली थाना क्षेत्र के भठवा धरमपुर वार्ड निवासी हरिवंश यादव के खिलाफ लूट, डकैती, गांजा, शराब तस्करी समेत 43 संगीन मुकदमे बिहार समेत जिले के कोतवाली, लार, भाटपाररानी आदि थानों में दर्ज है। कोतवाली पुलिस की रिपोर्ट पर जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष निरंजन ने गैंगस्टर के रूप में अर्जित संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था। उसके बाद डीएम के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को हरिवंश यादव के मकान पर नोटिस चस्पा किया था। शुक्रवार को एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल, सीओ कपिल मुनी सिंह, तहसीलदार रामाश्रय, प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार मिश्र, महिला चौकी प्रभारी प्रियंका मिश्रा समेत काफी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में भठवा धरमपुर वार्ड संख्या तीन में स्थित वर्ग छ: दो के खाते में दर्ज 2054 वर्गफीट क्षेत्रफल में स्थित 18 लाख 70 हजार रुपये के कीमत की मकान व 39 हजार रुपये के कीमत की एक स्कूटी, खाली पड़ी जमीन कुर्क करते हुए तहसीलदार रामाश्रय को सौंप दी गई। पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि बिना सूचना के पुलिस ने जबरन उन्हें घर से बेदखल कर दिया। उसके मकान के सामने सरकारी बोर्ड लगा दिया गया। इस बाबत एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर शातिर अपराधी हरिवंश यादव का घर समेत चल संपत्ति कुर्क की गई है।
मां के नाम अधूरा प्रधानमंत्री आवास भी सील
सलेमपुर। अपराधी हरिवंश यादव की मां गुलाइची देवी को नगर पंचायत ने हाल ही में प्रधानमंत्री आवास आवंटित किया था। अभी आवास का काम पूरा नहीं हुआ था कि प्रशासन ने अधूरे आवास को भी सील कर दिया। नगर पंचायत दिए गए प्रधानमंत्री आवास से शातिर अपराधी हरिवंश यादव की माली स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। नगर पंचायत ने हरिवंश के मां गुलाइची देवी के नाम प्रधानमंत्री आवास हेतु धन आवंटन किया है। इसकी प्रथम किश्त से मकान का नींव दे दिया गया है। कुर्क की कार्रवाई में प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास को भी सील कर दिया है। कार्रवाई के बाद परिवार की महिलाएं आकाश तले रहने को मजबूर हैं।