फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत... एजेंसियों पर लंबी कतार

Fri, 13 Mar 2026 01:15 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
गैस गोदामों पर गैस लेने के लिए लोगों की लगी भीड़। संवाद
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। पश्चिमी एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच रसोई गैस की किल्लत लगातार बढ़ रही है। लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो चुकी है। कई जगह गैस सिलिंडर के अभाव में महिलाएं लकड़ी या कोयले का सहारा लेने को मजबूर हैं। वहीं, घरों में लोग इंडक्शन और हीटर का इस्तेमाल बढ़ा दिए हैं। एजेंसियों पर उपभोक्ता पांच दिनों से लगातार कतार में लग रहे हैं लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। वहीं, ऑनलाइन बुकिंग न हो पाने और ओटीपी जनरेट न होने की समस्या से लोग खासे परेशान हैं।
विज्ञापन

गैस एजेंसियों पर रसोई गैस लेने के लिए सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन सीमित आपूर्ति और बुकिंग की समस्या के कारण बड़ी संख्या में लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
ढेबरूआ संवाददाता के अनुसार, बढ़नी क्षेत्र के भरौली स्थित युग कृष्णा इंडियन गैस के गोदाम पर बृहस्पतिवार को गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही करीब 500 उपभोक्ता एजेंसी के बाहर कतार में खड़े थे, जबकि एजेंसी पर सिर्फ 300 सिलिंडर ही पहुंचे। एजेंसी संचालक ने 300 उपभोक्ताओं को सिलिंडर वितरित कर दिए लेकिन शेष लोगों को बिना गैस लिए ही वापस लौटना पड़ा।
विज्ञापन

उपभोक्ता राधेश्याम, अनिल कुमार, रशीद, अजय कुमार और रोहित यादव ने बताया कि पिछले तीन से पांच दिनों से लगातार एजेंसी पहुंचकर कतार में लग रहे हैं लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। ऑनलाइन बुकिंग न हो पाने और ओटीपी जनरेट न होने की समस्या से लोग खासे परेशान हैं। कई घरों में गैस खत्म हो चुकी है और मजबूरी में लोगों को लकड़ी पर खाना बनाना पड़ रहा है, जबकि अब लकड़ी भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो रही है।
गैस एजेंसी के मैनेजर अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि युग कृष्णा इंडियन गैस एजेंसी बढ़नी पर लगभग 18 हजार सक्रिय उपभोक्ता हैं। पहले प्रतिदिन 300 से अधिक सिलिंडर आते थे, लेकिन अब लक्ष्य घटाकर 224 सिलिंडर कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं पर दबाव बढ़ गया है।
शोहरतगढ़ संवाददाता के अनुसार, एजेंसियों पर लोग सुबह से ही सिलिंडर लेने के लिए लंबी कतार में खड़े हो रहे हैं, लेकिन बुकिंग न होने के कारण कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है। शोहरतगढ़ के उत्तम सोनी ग्रामीण वितरण गैस एजेंसी पर लाइन में लगे उपभोक्ता सुनील, सुरेश, ज्वाला प्रसाद, मधुर श्याम, मंजू और आशिक अली ने बताया कि वे पिछले पांच दिनों से बुकिंग नंबर पर गैस बुक करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बुकिंग नहीं हो पा रही है। कई घरों में चार दिनों से चूल्हा नहीं जला है। लोग भोर से लाइन लगाकर गैस मिलने की उम्मीद में खड़े रहते हैं, लेकिन नंबर आने पर यह कहकर लौटा दिया जाता है कि उनकी बुकिंग नहीं हुई है।
उपभोक्ता महेश परिगवा ने बताया कि बुकिंग होने के बाद भी वह चार दिनों से एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन गैस नहीं मिल पाई। वहीं रामरतन डफरा ने कहा कि टोल फ्री नंबर पर लगातार प्रयास करने के बावजूद गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे लोग काफी परेशान हैं।
जोगिया प्रतिनिधि के अनुसार, भरौली गैस एजेंसी पर गैस लेने वालों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नायब तहसीलदार शोहरतगढ़ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जितनी जरूरत नहीं, उससे ज्यादा का जुगाड़ कर रहे उपभोक्ता : रसोई गैस की किल्लत के बीच अब लोग इसके विकल्प तलाशने में जुट गए हैं। कई घरों में फिर से कोयले की भट्ठी, अंगीठी और लकड़ी के चूल्हे जलने लगे हैं। वहीं, शहर और कस्बों में इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ गया है। गैस सिलिंडर समय पर न मिलने की आशंका के कारण लोग वैकल्पिक साधनों का इंतजाम करने लगे हैं, ताकि रसोई का काम प्रभावित न हो। गैस एजेंसियों के संचालकों का कहना है कि सिलिंडर की आपूर्ति कम होने के कारण कई लोग जरूरत से ज्यादा इंतजाम करने में लगे हैं। जिन उपभोक्ताओं का काम एक सिलिंडर से चल जाता था, वे भी अतिरिक्त सिलिंडर या अन्य विकल्प जुटाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे मांग का दबाव और बढ़ गया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें