देवरिया/भटनी। गोरखपुर, गोरखपुर केंट और डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच तीसरी लाइन के निर्माण के चलते देवरिया सदर और भटनी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली सात ट्रेनें निरस्त रहीं। साथ ही कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित रहे। इससे यात्री पूरे दिन परेशान रहे। ट्रेनों के निरस्तीकरण से पहले से टिकट कराकर यात्रा करने वाले यात्री रेलवे स्टेशन से लौट गए। गोरखपुर केंट-गोरखपुर जंक्शन और डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच तीसरी लाइन बिछाने का काम हो रहा है। इसके लिए रेलवे ने 12 अप्रैल से 3 मई तक मेगा ब्लॉक लिया है। इसी क्रम में सोमवार को लखनऊ-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, अहमदाबाद -गोरखपुर एक्सप्रेस, हावड़ा -गोरखपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस, बापूधाम एक्सप्रेस, दादर सेंट्रल -गोरखपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर -छपरा पैसेंजर और गोरखपुर केंट -वाराणसी सिटी एक्सप्रेस निरस्त रहीं। साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों का रूट बदल कर चलाया गया। बड़ी संख्या में ट्रेनों के निरस्तीकरण और रूट डायवर्जन से यात्री परेशान रहे। दैनिक यात्री राकेश पांडेय, भटनी से आने वाले छात्र सुमित यादव, विकास कुमार, मैरवा जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे अखिलेश तिवारी ने बताया कि कई ट्रेनों के निरस्त व मार्ग परिवर्तन किए जाने से घर समय से नहीं पहुंच पाएंगे।
वहीं स्टेशन अधीक्षक भटनी मनोज पांडेय ने सोमवार को बताया कि गोरखपुर में तीसरी लाइन के निर्माण के चलते ट्रेनों को निरस्त और रूट परिवर्तन किया गया हैं। इसकी जानकारी पूर्व में यात्रियों को दे दी गई है।