फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्री प्रीकाशन डोज आज से
58,111 बीमार बुजुर्गों को भी दी जाएगी डोज
सीएचसी, पीएचसी के अलावा जिला पुरुष व महिला अस्पताल, पुलिस लाइंस तथा स्टेडियम में होगा टीकाकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने कहा कि प्रदेश में कोविड संक्रमण की वृद्धि व नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते केस को देखते हुए हेल्थ केयर व फ्रंटलाइन वर्करों एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी गंभीर बीमारी ग्रस्त लोगों, जिन्हें कोविड वैक्सीनेशन की दोनों खुराक लग चुकी है, ऐसे लोगों का टीकाकरण सोमवार से किया जाएगा। साथ ही 15 से 18 वर्ष के 2,17,487 किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य है। वैक्सीनेशन की तैयारी पूरी कर ली गई है।
डीएम ने रविवार को विकास भवन के गांधी सभागार में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि टीकाकरण की रफ्तार को तेज करने के लिए 18 वर्ष से ऊपर, 15 से 18 वर्ष एवं प्रीकाशन डोज के लिए कुल 712 वैक्सीनेशन टीम बनाई गई है। कहा कि जिले में 11,613 हेल्थ केयर वर्कर, 11,663 फ्रंट लाइन वर्कर व 60 वर्ष से अधिक के सहरुग्णता ग्रस्त लोगों को प्रीकाशन डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके हेल्थ केयर कर्वर, फ्रंट लाइन वर्कर तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के सहरुग्णता ग्रस्त लोगों, जिनके टीके की द्वितीय डोज के बाद 39 सप्ताह पूरा हो गया है, उन्हें ही प्रीकाशन डोज दी जाएगी। कहा कि प्रीकाशन डोज की पात्रता रखने वाले निर्वाचन ड्यूटी तैनात किए जाने व सेवा प्रदान करने वाले सभी कर्मचारियों का भी टीकाकरण किया जाएगा। सभी पात्र लोगों को वही वैक्सीनेशन की डोज दी जाएगी, जो उन्हें पूर्व में लगी है। वैक्शीनेशन के लिए ऑनलाइन व ऑनसाइट एप्वाइंटमेंट बुक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रीकाशन डोज के लिए सभी सीएचसी, पीएचसी, जिला पुरुष व महिला अस्पताल, पुलिस लाइंस तथा जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम को वैक्सीनेशन केंद्र बनाया गया है। इन स्थानों पर तैनात वैक्सीनेेशन टीम द्वारा टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीन जनवरी से वर्ष 2007 व उससे पहले जन्म वाले 15 से 18 वर्ष के लाभार्थियों का वैक्सीनेशन सभी स्वास्थ्य इकाइयों एवं चिह्नित 322 इंटरमीडिएट कॉलेजों में किया जा रहा है। अब तक 47,947 (22.05 प्रतिशत) किशोरों का टीकाकरण किया गया है। कहा कि जनपद में 18 वर्ष आयु से ऊपर के लक्ष्य 22,81,836 के सापेक्ष अब तक 18,08,709 (79.27 प्रतिशत) को प्रथम डोज तथा लक्ष्य के सापेक्ष 13,03,988 (57.43 प्रतिशत) को वैक्सीन की द्वितीय डोज लग चुुुकी है। इस दौरान सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय, एसीएमओ आदि मौजूद रहे।
वैक्सीनेशन से कोरोना से बचाव संभव : डीएम
देवरिया। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने रविवार को महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज में 15-18 आयु वर्ग के लिए संचालित डेडिकेटेड कोविड-19 वैक्सीनेशन सेंटर निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीनेशन की गति तेज करने के निर्देश दिए। कहा कि वैक्सीनेशन से ही कोविड-19 से बचाव संभव है। इस कार्य में कोताही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज में चल रहे वैक्सीनेशन कैंप में लक्षित आयु वर्ग की कुल 804 छात्राओं में से 636 का टीकाकरण हो चुका है। शेष 204 छात्राओं का टीकाकरण शीघ्र कराने के निर्देश दिए। कहा कि वैक्सीनेशन के लिए 15-18 आयु वर्ग के किशोरों के आवश्यक दस्तावेज का डेटाबेस तैयार कर लिया जाए, जिससे केंद्र पर आने वाले लोगों का समय डाक्यूमेंट्स के वेरिफिकेशन में बर्बाद न हो। इससे कम समय में अधिक किशोरों का टीकाकरण किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बीएसए और डीआईओएस निर्देश दे दिए गए हैं। इस दौरान सीडीओ रवींद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आलोक कुमार पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता, डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि डॉ. अंकुर सांगवान आदि मौजूद रहे। संवाद