कृषि यंत्र चाहिए तो कराएं प्री बुकिंग
कृषि विभाग ने टोकन जेनरेट करने की प्रक्रिया में किया बदलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कृषि विभाग ने सब मिशन ऑन एग्रीकल्चयर मैकेनाइजेशन योजना में कृषि यंत्रों के टोकन जेनरेट करने की प्रक्रिया में बदलाव कर दिया है। अब कृषि यंत्रीकरण की समस्त योजनाओं में वार्षिक लक्ष्यों के सापेक्ष निर्धारित कृषि यंत्रों की प्री बुकिंग की जाएगी। यह व्यवस्था पांच अगस्त से लागू की गई है।
उप कृषि निदेशक एके मिश्र ने बताया कि लक्ष्यों के सापेक्ष इच्छुक पंजीकृत किसान कृषि यंत्रों की प्री बुकिंग करा सकते हैं। इसके लिए विभागीय पोर्टल पर योजनाओं में यंत्र चयन कर अपना मोबाइल नंबर डालकर ओटीओपी प्राप्त करना होगा। ध्यान रहे कि मोबाइल नंबर स्वयं का हो या उसके किसी परिवार के अन्य खून के रिश्ते का ही हो। सत्यापन में किसी अन्य का मोबाइल नंबर पाए जाने पर चयन निरस्त कर दिया जाएगा। अनुदान भी देय नहीं होगा। ओटीपी प्राप्त करने के बाद मोबाइल नंबर पर संदेश जाएगा कि आपकी बुकिंग स्वीकार कर ली गई है। योजना में जैसे ही भारत सरकार अथवा राज्य सरकार द्वारा धनराशि प्राप्त होती है तो प्राथमिकता के आधार पर बुकिंग कराएं। किसी भी डीलर की ओर से अपना मोबाइल नंबर डालकर ओटीपी नहीं प्राप्त करना है। ऐसा पाए जाने पर संबंधित किसान का चयन निरस्त कर दिया जाएगा। साथ ही डीलर को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।