रामपुर कारखाना। पांडेचक-देसही उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति करीब 12 घंटे बाद सोमवार को बहाल कर दी गई। आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार की रात करीब 10 बजे हेतिमपुर के पास मेन लाइन का इंसुलेटर टूट जाने से अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। फॉल्ट के कारण पांडेचक और देसही उपकेंद्र से जुड़े कई दर्जन गांवों और नगर पंचायत रामपुर कारखाना समेत कई बाजारों में अंधेरा छा गया। रात में बिजली कटने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही, वहीं पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब 12 घंटे बाद खराब इंसुलेटर को बदलकर लाइन दुरुस्त की गई, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
बिजली आने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली, हालांकि लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी गई। अवर अभियंता अखिलेश गुप्ता ने कहा कि रविवार की देर रात हेतिमपुर के पास मेन लाइन खराब हो गया था। सुबह आपूर्ति बहाल कर दी गई। संवाद