खुखुंदू। स्थानीय क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई है। नतीजा क्षेत्र में दिन-दिन भर बिजली गुल रह रही है। निगम के कर्मचारियों का कहना है कि कोहरे के चलते कभी 11 हजार वोल्ट के तार में फाल्ट उत्पन्न हो रहा है तो कभी जर्जर तार गिर जा रहा हैं। इससे आपूर्ति बाधित हो जा रही है।
बिजली उपकेंद्र खुखुंदू से चार फीडरों के माध्यम से क्षेत्र के करीब 250 गांवों की आपूर्ति की जाती है। वर्तमान में सबसे अधिक फाल्ट की समस्या बैदौली फीडर में आ रही है। नतीजा क्षेत्र के करीब 80 गांवों की बिजली अक्सर गुल रह रही है। बिजली का आलम यह है कि घरों और दुकानों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गर्मी में ओवरलोड के चलते फाल्ट होने की बात कहकर कटौती की जाती है। यही हाल ठंड के मौसम में भी है। इस मौसम में भी जब भी निगम के कर्मचारियों के पास संपर्क कर बिजली आपूर्ति के बारे में पूछा जा रहा है तो उनका दो टुक जवाब मिल रहा है कि फाल्ट के चलते सप्लाई प्रभावित हुई है। ऐसे में रोस्टिंग कटौती और फाल्ट के नाम पर इन दिनों जमकर कटौती की जा रही है।
इस संबंध में जेई उमेश चंद ने बताया कि स्थानीय स्तर से कभी फाल्ट होने पर ही कटौती की जाती है। इसके अलावा रोस्टिंग कटौती की जाती है। कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि रोस्टिंग कटौती के दौरान फाल्ट ठीक करना है। अलग से कटौती नहीं होनी है। अगर ऐसी शिकायत है तो जांच कराई जाएगी।
खराबी भाटपार रानी में, परेशान हुए बनकटिया के लोग : रामपुर बुजुर्ग/बनकटा। बनकटिया विद्युत उपकेंद्र से संचालित इंगुरी फीडर की बिजली आपूर्ति सोमवार की भोर में 4:30 बजे 33 केबीए मेन लाइन में आई खराबी के कारण पूरी तरह से ठप हो गई। कड़ाके की ठंड के बीच करीब सात घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से उपकेंद्र से जुड़े करीब 65 गांवों के लोगों का जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त रहा। दिन के लगभग 11:40 बजे कहीं जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि फॉल्ट भाटपार रानी की 33 केबीए मेन लाइन में आया, लेकिन उसकी सीधी मार बनकटिया क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर पड़ी। भाटपार रानी और बनकटिया की 33 केबीए मेन लाइन आपस में जुड़ी होने के कारण जैसे ही भाटपार रानी में तकनीकी खराबी आई, एहतियात के नाम पर बनकटिया हाइडिल की बिजली भी काट दी गई।
बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मोबाइल चार्जिंग, कंप्यूटर सेंटर, फोटो स्टूडियो और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों का कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। इस संबंध में एसडीओ भाटपार रानी अभिषेक कुमार ने बताया कि 33 केबीए मेन लाइन में फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक कराकर आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई है।