भाटपार रानी। नगर और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से जूझना पड़ रहा है। पिछले कई दिन से यही स्थिति बनी हुई है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
भाटपार रानी विद्युत उपकेंद्र पर देहात क्षेत्र के चार फीडरों सोहगरा धाम, जसुई, रामपुर और खामपार फीडरों से करीब 80 से 90 हजार की आबादी को बिजली आपूर्ति की जाती है। भाटपार रानी नगर के लिए अलग से तहसील फीडर हैं। इससे करीब 20 से 30 हजारआबादी के उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई दी जाती है।
नगर फीडर के उपभोक्ता कपड़ा व्यवसायी अशोक गुप्ता, शिक्षक रामनक्षत्र यादव, होटल मालिक भरत पटेल, अल्ताफ खान आदि का कहना है कि बिजली आपूर्ति कब चालू होगी और कब बंद हो जाएगी इसका कोई शेड्यूल तय नहीं है। एसडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि फाॅल्ट होने पर उसे दुरुस्त करने के लिए बिजली आपूर्ति बंद की जाती है। लो-वोल्टेज ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि कर दूर करने का प्रयास जारी है।