फीडर में खराबी से दो दिनों से आपूर्ति बाधित
भटनी। फीडर में खराबी से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित है। साल के आखिरी व पहले दिन बिजली नहीं मिलने से लोग परेशान दिखे। विद्युत कर्मी फीडर ठीक करने में लगे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।
भटनी विद्युत उपकेंद्र से नगर, देहात, घांटी बाजार, बलुआ अफगान आदि फीडरों को बिजली दी जाती है। शुक्रवार को इनकमिंग लाइन व फीडर में खराबी के चलते अचानक सभी फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। जानकारी पर पहुंचे जेई व अन्य कर्मचारी फाल्ट ठीक करने में जुट गए। शाम को कुछ फीडरों को किसी तरह कुछ देर तक चलाया गया। लेकिन दोबारा फाल्ट हो गया । शनिवार को नव वर्ष की खुशियां मनाने जुटे लोगों को बिजली नही मिलने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। देवरिया से पहुंचे मैकेनिक ने जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने का दावा किया है। इस संबंध में अवर अभियंता गोरख प्रसाद गुप्त ने कहा कि उपकेंद्र में मेन लाइन और फीडर में दिक्कत होने से समस्या हुई है। रविवार सुबह से आपूर्ति सुचारु रूप से देने का प्रयास किया जा रहा है।