खुखुंदू। खुखुंदू चौराहे पर बुधवार शाम कुछ लोगों ने उप डाकघर में तैनात डाक सेवक को घेरकर पीट दिया। आरोप है कि आधार कार्ड बनाने को लेकर नाराज मनबढ़ों ने घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायती पत्र दिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सोनूघाट निवासी सतीश यादव उप डाकघर खुखुंदू में डाक सेवक के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को क्षेत्र में पत्र वितरित करने के बाद वह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खुखुंदू चौराहे पर खड़े कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी।
घटना के बाद पीड़ित ने खुखुंदू थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायती पत्र दिया गया है। मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।