सलेमपुर। बृहस्पतिवार की सुबह अंडरग्राउंड केबल में फाॅल्ट के कारण सलेमपुर, मझौली राज समेत आसपास के क्षेत्रों की करीब दो लाख आबादी दो दिन से बिजली संकट झेल रही है।
वैकल्पिक उपाय के तहत नगर क्षेत्र को ग्रामीण फीडरों से जोड़कर कुछ मोहल्लो में बिजली आपूर्ति शुरू की गई तो ओवरलोड के चलते ग्रामीण क्षेत्र में भी कटौती बढ़ गई। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को उप खंड कार्यालय परिसर पर प्रदर्शन किया।
बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से आमजन, व्यापारी, छात्र और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं। उमस भरी गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगर क्षेत्र के कई मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
शुक्रवार को नगर पंचायत के सभासदों और स्थानीय लोगों ने वउपखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। सभासद अशोक गुप्ता के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में क्षतिग्रस्त 33 हजार वोल्ट की अंडरग्राउंड केबल की तत्काल मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन की मांग की गई। प्रदर्शन में वीरेंद्र यादव, प्रदीप यादव, दीपक सैनी डेविड समेत अन्य लोग शामिल रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव ने कहा कि गर्मी में लोगों को बिजली न मिलना बेहद गंभीर समस्या है। इसकी शिकायत शासन स्तर पर की जाएगी।