आज तीन स्थानों से रवाना होंगे मतदान कर्मी, कल पड़ेंगे वोट
देवरिया। तीन स्थानों से बुधवार को पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। मंगलवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। तीनों स्थानों पर विधानसभावार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। वाहन भी पहुंच गए हैं। उनमें छोटे-बड़े वाहन शामिल हैं।
जनपद के सात विधानसभा क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को 1593 मतदेय केंद्रों पर 2733 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। विधानसभा चुनाव सकुशल कराने के लिए बुधवार को विधानसभावार मतदान कर्मियों को तीन स्थानों से रवाना किया जाएगा। इसके लिए स्थान निश्चित किए गए हैं। इसके मद्देनजर विधानसभा क्षेत्र रुद्रपुर, देवरिया व बरहज की पोलिंग पार्टी, पुलिस लाइंस ग्राउंड से रवाना होंगी। वहीं, विधानसभा क्षेत्र पथरदेवा, रामपुर कारखाना की पोलिंग पार्टी राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से जाएंगी।
इसी दिन विधानसभा क्षेत्र देवरिया सदर, भाटपाररानी तथा सलेमपुर की पोलिंग पार्टियां महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज परिसर से रवाना होंगी। पुलिस लाइंस के प्रांगण में बड़ा टेंट लगाया गया है। उसमें कर्मचारियों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। साथ ही ग्राउंड के पूरब तरफ चार पहिया तथा दूसरी तरफ व बाहर बस व बड़े वाहन खड़े किए गए हैं। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज व महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में टेंट लगाए गए हैं। साथ ही बैरिकेडिंग कर विधानसभावार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जहां से सामग्री लेकर पोलिंग पार्टियां गंतव्य को रवाना होंगी।
बूथों के अलावा रिजर्व में रहेगी ईवीएम
देवरिया। विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारी कर ली गई है। जिले के सात विधानसभा क्षेत्र के 2733 बूथों के अलावा रिजर्व में पदाभिहित स्थल पर ईवीएम रखी जाएगी। प्रेक्षकों की मौजूदगी में ईवीएम की रेंडमाइजेशन हो गया है। बुधवार को उन्हें मतदान कर्मियों को उपलब्ध करा दिया जाएगा।
जनपद के सातों विधानसभा क्षेत्रों के 2733 मतदेय स्थल के सापेक्ष 120 प्रतिशत बीयू/सीयू एवं 130 प्रतिशत वीवीपैट है। विधानसभा क्षेत्र रुद्रपुर के लिए 449 बीयू व सीयू, 487 वीवीपैट, देवरिया के लिए 473 बीयू एवं सीयू, 513 वीवीपैट, पथरदेवा के लिए 473 बीयू व सीयूत तथा 513 वीवीपैट है। रामपुर कारखाना में 498 बीयू व सीयू, 540 वीवीपैट, भाटपाररानी में 480 बीयू व सीयू, 520 वीवीपैट, सलेमपुर में 465 बीयू व सीयू, 504 वीवीपैट, बरहज विधानसभा के लिए 443 बीयू व सीयू तथा 480 वीवीपैट हैं। कुल 3281 बीयू व सीयू तथा 3557 वीवीपैट का रेंडमाइजेशन कर संबंधित विधानसभा के आरओ को उपलब्ध कराया गया है।
इसके अलावा विधानसभावार पदाभिहित स्थल बनाए गए हैं, जिसमें विधानसभा देवरिया में कलेक्ट्रेट कक्ष व साधन सहकारी समिति देवगांव, विधानसभा रुद्रपुर, भाटपाररानी व बरहज में तहसील, पथरदेवा में देसही देवरिया ब्लॉक मुख्यालय, रामपुर कारखाना में पंचायत भवन बैकुंठपुर शामिल है। इन स्थानों पर रिजर्व में ईवीएम रखी रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर आसानी उपलब्ध कराई जा सके।
ईवीएम कंट्रोल रूम स्थापित
देवरिया। विधानसभा चुनाव में ईवीएम की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका प्रभारी अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड-दो दुर्गेश को बनाया गया है। यहीं से मशीनों का मोमेंट की जीपीएस मोबाइल वेस्ट ट्रैकिंग होगी।
हर विधानसभा क्षेत्र में तैनात होंगे ईवीएम इंजीनियर
देवरिया। विधानसभा चुनाव में मतदान के दिन ईवीएम की देखरेख तथा गड़बड़ी को तत्काल ठीक करने के लिए इंजीनियर तैनात रहेंगे। इसके लिए बेल कंपनी से इंजीनियर आए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आरओ की देखरेख में तीन-तीन इंजीनियर रहेंगे, जो जरूरत पड़ने पर पहुंचेंगे।