फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ी सुरक्षा के साथ पोलिंग पार्टियां रवाना, मतदान आज

विज्ञापन
विज्ञापन
कड़ी सुरक्षा के साथ पोलिंग पार्टियां रवाना, मतदान आज
विज्ञापन

देवरिया। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं, जो शाम तक मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं।
मंगलवार को 16 मतदान केंद्रों पर 3358 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले के सभी 16 ब्लाक कार्यालय परिसर में बने मतदेय स्थल पर वोट डाले जाएंगे। इसे लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय पर सुबह दस बजे से चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी पहुंचने लगे। इसके बाद कर्मियों को चुनाव सामग्री व बैलेट बाक्स का वितरण किया गया। तत्पश्चात वे वाहन से मतदान केंद्रों को रवाना हो गए। इस दौरान सीआरओ अमृतलाल बिंद, एडीएम प्रशासन राजेश पटेल, एएसपी शिष्यपाल, एसडीएम संजीव उपाध्याय, सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय, एआरटीओ राजीव चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए 16 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। प्रत्येक पार्टी में पीठासीन अधिकारी सहित कुल चार कार्मिक तैनात किए गए हैं। जनपद को 16 सेक्टर एवं सात जोन में बांट कर सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट पूरे दिन भ्रमण पर रहेंगे। चुनाव के पर्यवेक्षण के लिए 19 माइक्रो आब्जर्वर तैनात किए गए हैं जो मतदान की हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे।
जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शिक्षक निर्वाचन अमित किशोर ने कहा कि मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन सकुशल, निष्पक्ष मतदान कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। मतदान सुबह से शाम पांच बजे तक होगा।
इन मतदेय स्थलों पर होगा मतदान
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए जिले के सभी 16 ब्लाक कार्यालय परिसर में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जनपद के मतदान केंद्र देसही देवरिया में 88, पथरदेवा में 269, रामपुर कारखाना में 132, तरकुलवा में 211, बैतालपुर में 132, गौरीबाजार में 161, रुद्रपुर में 185, देवरिया में 484, भलुअनी में 266, बरहज में 137, लार में 235, भागलपुर में 131, सलेमपुर में 271, भटनी में 352, भाटपाररानी में 135 तथा बनकटा मतदान केंद्र पर 169 मत हैं। इन केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदाताओं के लिए रहेगा विशेष आकस्मिक अवकाश
एक दिसंबर को मताधिकार के प्रयोग के लिए संबंधित मतदाताओं के लिए इस दिन विशेष आकस्मिक अवकाश होगा।
शिक्षक, जो करेंगे मतदान
यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईएससीई से मान्यता प्राप्त सरकारी व गैर सरकारी इंटर कॉलेज, अनुदानित इंटर कॉलेज, मदरसा व संस्कृत विद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक व अन्य मतदाता शिक्षक।
पीठासीन अधिकारी के स्केच पेन से ही मत मान्य
पसंदीदा उम्मीदवार को वोट देते समय सावधानी बरतनी होगी। असावधानी हुई तो मत अवैध हो जाएगा। पीठासीन अधिकारी से मिले स्केच पेन से उम्मीदवार के नाम के सामने वरीयता के हिसाब से अंग्रेजी, रोमन या हिंदी में 1, 2 या 3 लिखना होगा। पहली पसंद के उम्मीदवार के सामने 1, दूसरी पसंद के 2 और तीसरी पसंद वाले प्रत्याशी के सामने 3 लिखा जाएगा। उम्मीदवार के नाम के आगे तय कॉलम में ही अंक लिखने हैं। यदि पीठासीन अधिकारी के अलावा अपनी या किसी और पेन से अंक लिखा तो वोट अवैध माना जाएगा।
प्रत्याशी
ध्रुव कुमार त्रिपाठी, अजय सिंह, विभ्राट चंद कौशिक, अवधेश यादव सपा, नागेंद्र दत्त त्रिपाठी कांग्रेस, देशबंधु शुक्ला, रामजनम सिंह, रामप्रताप राम, रमेश कुमार विमल, अनिल कुमार गौतम, लाल बहादुर यादव, राजीव यादव, अरुण सिंह, नागेंद्र प्रताप सिंह, अनिल कुमार श्रीवास्तव व नरेंद्र सिंह।
जिले जहां पड़ेंगे वोट व मतदाता
गोरखपुर (6170), देवरिया (3358), कुशीनगर (2112), महराजगंज (1869), बस्ती (1998), संतकबीरनगर (1502), सिद्धार्थनगर (1375), आजमगढ़ (5184), मऊ (1886), अयोध्या (2962), सुल्तानपुर (3015), अमेठी (1542), अंबेडकरनगर (1823), बहराइच (1892), गोंडा (1524), श्रावस्ती (821) और बलरामपुर (1131)।
विज्ञापन

गोरखपुर में जमा होंगी मतपेटिकाएं
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक खंड क्षेत्र निर्वाचन के लिए मंगलवार को मतदान बाद मतपेटिकाएं कलेक्ट्रेट में संग्रहित होंगी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच गोरखपुर भेजी जाएंगी। गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। वाणिज्य संकाय में ही तीन दिसंबर को मतगणना होगी। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। मतगणना की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी। इससे पहले बौद्ध संग्रहालय में मतगणना होती थी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन राकेश कुमार पटेल ने कहा कि संग्रहण अवसर सहित जमा स्थल पर इच्छुक प्रत्याशी स्वयं अथवा उनके प्रतिनिधि अभिकर्ता रह सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें