देवरिया। पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को एसपी अभिजीत आर शंकर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित किए गए बच्चों ने अपनी शैक्षणिक परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर कल्याण सिंह सागर के पुत्र क्रमांक सिंह तथा एलआईयू में तैनात मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार के पुत्र अच्चुतम मौर्य को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
एसपी ने कहा कि शिक्षा सफलता की मजबूत नींव है। कठिन परिश्रम व अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने मेधावी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।