पडरौना। होली पर्व के साथ रमजान के चलते पुलिस छोटी-छोटी सूचनाओं को गंभीरता से ले रही है। शहर से लेकर गांव तक की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखी जा रही है। होली के दिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इसमें क्यूआरटी, पीएसी के साथ स्थानीय पुलिस व पुलिस लाइन के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी है। विवाद की सूचना पर दस मिनट के अंदर पुलिस मौके पर पहुंचेगी। दस गांवों पर दो क्यूआरटी और 112 डायल व स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई है। इसके पहले गांवों और थानों पर दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक कर सचेत किया गया है।
जिले में होली के दिन पूर्व में हुए विवादों को ध्यान में रखते हुए पुलिस की ओर से तैयारी की गई है। जिले में हाटा और पडरौना में होली के दिन जुलूस निकलता है। दोनों स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। यहां पर क्यूआरटी तैनात की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील गांवों पर पुलिस की खास नजर है। मिश्रित आबादी वाले गांवों और कस्बों की विशेष निगरानी की जा रही है।
पुलिस की ओर से दोनों समुदाय के धर्मगुरुओं और प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की गई है, बावजूद पुलिस किसी तरह की कोई चूक नहीं होने देना चाहती है। एसपी केशव कुमार ने बताया कि जिले में 49 संवेदनशील स्थान चिह्नित किए गए हैं। यहां पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पीएसी और क्यूआरटी की तैनाती रहेगी। इसके अलावा मोबाइल टीम भ्रमणशील रहेगी। पुलिस की ओर से शाम को चौक चौराहा और कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा का अहसास कराया जा रहा है। गोपनीय तरीके से पुलिस की ओर से हर गांव में विवादित लोगों की सूची बनाई गई है।