संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर के सोहनाग मोड़ पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए सीओ की पहल पर ट्रैफिक जोन कैंप बनाया गया है। कैंप के जरिए पुलिस जाम और सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने का प्रयास करेगी। इसके लिए सोहनाग मोड़ से ओवरब्रिज के पश्चिमी छोर तक पुलिस ने पिकेट लगा दी है।
जहां 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इससे सलेमपुर में लग रहे जाम से राहगीरों को निजात मिलेगी।
सलेमपुर के सोहनाग मोड़ होकर कई स्कूल के वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। बस स्टैंड नहीं होने के चलते चालक भी मनमानी करते हुए सड़क के बीच बस खड़ी कर यात्री भरने लगते हैं।
इससे जाम लग जाता है। कभी-कभी कोतवाली से लेकर ओवरब्रिज के पूर्वी छोर पार कर मझौली मोड़ तक वाहनों की कतार लग जाती है। ऐसे में पांच मिनट की यात्रा करने में करीब एक घंटे जाया करना पड़ता है। इसके चलते राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है तो व्यापारियों के व्यापार भी प्रभावित होते हैं।