खामपार। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र की एक किशोरी के अपहरण की सूचना से बृहस्पतिवार को खामपार पुलिस हलकान रही।
कई घंटे की खोजबीन के बाद किशोरी के गोरखपुर में मिलने की जानकारी सामने आई। गोरखपुर जीआरपी को किशेारी रेलवे स्टेशन पर मिली। पुलिस टीम किशोरी को लेने रवाना हो गई है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी सुबह करीब आठ बजे सरया स्थित गैस एजेंसी से सिलिंडर लेने घर से निकली थी। उसके पास 3500 रुपये थे। इनमें से 2500 रुपये भिंगारी स्थित स्कूल में भतीजे की फीस जमा करनी थी।
परिवार वालों के मुताबिक, रास्ते में किशोरी ने फोन कर बताया कि कुछ लड़के उसे गंदे इशारे कर रहे हैं। इस पर उसकी भाभी ने उसे वहां से घर लौटने के लिए कहा। इसी दौरान भिंगारी-भटनी मार्ग पर एक महाविद्यालय के पास से उसके संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सूचना मिली।
किशोरी के लापता होने की जानकारी मिलते ही खामपार पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
आसपास की झाड़ियों और अन्य संभावित स्थानों पर भी किशोरी की तलाश की गई।
घटना स्थल से किशोरी की साइकिल और गैस सिलिंडर मिलने से मामला और गंभीर हो गया।
कई घंटे बाद परिवार वालों के मोबाइल पर गोरखपुर जीआरपी से फोन आया।
जीआरपी ने किशोरी के मिलने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार वालो और पुलिस ने राहत की सांस ली।
खामपार थानाध्यक्ष बलराम सिंह ने बताया कि गोरखपुर जीआरपी से किशोरी मौजूद है। पुलिस टीम उसे लेने के लिए रवाना हो गई है। किशोरी के मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।