पकड़ी थी 18 पेटी शराब, दिखाई आठ-पूरी चौकी सस्पेंड
देवरिया। बिहार जा रही 18 पेटी शराब पकड़कर बरामदगी में महज आठ पेटी दिखाना खामपार थाने के भिंगारी बाजार चौकी प्रभारी समेत सभी पुलिस वालों को भारी पड़ गया। एसपी ने सोमवार की शाम इस मामले में चौकी इंचार्ज समेत सभी पांचों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
खामपार थाने की भिंगारी बाजार चौकी बिहार बॉर्डर से सटी है। यहां एसआई जयशंकर पांडेय की चौकी इंचार्ज के रूप में तैनाती थी। हेड कांस्टेबल शेराज अहमद, कांस्टेबल शेर बहादुर, मिथुन और कुलदीप कुमार भी यहीं तैनात थे। तीन दिन पहले बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप चौकी इंचार्ज ने पकड़ी थी। तस्करों को भी पकड़ लिया गया था। आरोप है कि पकड़ी गई शराब में से आधी से अधिक इन लोगों ने खपा दी। किसी ने इस मामले की जानकारी एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र को दे दी। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए सीओ भाटपाररानी पंचमलाल से जांच कराई। इसमें पाया गया कि शराब 18 पेटी पकड़ी गई थी, मगर दिखाई केवल आठ पेटी ही गई। उन्होंने रिपोर्ट एसपी को दी।
इसके आधार पर सोमवार की शाम एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने चौकी प्रभारी जयशंकर पांडेय समेत पुलिस चौकी पर तैनात सभी कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। एसपी ने बताया कि बिहार ले जाते समय शराब पकड़ी गई थी। चौकी में तैनात सभी लोगों ने मिलकर गोलमाल कर दिया था। सभी को सस्पेंड कर दिया गया है।