लार। थाना क्षेत्र के कक्षा आठ की छात्रा से नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि स्कूल के चार छात्र लड्डू में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। उसके बेहोश होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस दोनों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से रिमांड मिलने के बाद एक को जेल भेज दिया गया तथा दूसरे को बाल अपचारी जेल भेज दिया गया। इसके अलावा फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
लार क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ घर पर रहती है। पिता कहीं बाहर काम करते हैं। किशोरी गांव के जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पिछले साल नवंबर में गांव के ही चार नाबालिग लड़के उसे अगवा कर एक घर में ले गए और वहां सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वह घर आरोपियों में से एक का था। इसके बाद आरोपियों ने किसी से कहने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे किशोरी ने डरकर चुप्पी साध ली।
31 जनवरी को किशोरी के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया। उसने मां को यह बात बताई तो वह उसे एक निजी अस्पताल ले गईं, जहां जांच में पता चला कि वह करीब दो महीने की गर्भवती है। यह सुनते ही मां चौंक गई। उन्होंने उससे पूछा तो उसने नवंबर में उसके साथ हुई घटना की जानकारी उन्हें दी। देर शाम पुलिस पीड़िता के घर पहुंची और मामले की जानकारी लेकर चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की।
इसके बाद वारदात स्थल की जांच की और देर रात दो आरोपियों को उनके घर से ही दबोच लिया। सोमवार को पुलिस ने शुभम सैनी व एक नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से शुभम सैनी को जेल भेज दिया गया, जबकि दूसरे को बाल अपचारी राजकीय बालगृह भेज दिया गया। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि चार आरोपितों में से दो को गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके है। दो अन्य की तलाश की जा रही है।