सलेमपुर। कोतवाली गेट से बस स्टैंड के आगे तक बुधवार की शाम पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सीओ मनोज कुमार के निर्देश पर कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र की मौजूदगी में पुलिस टीम ने सड़क की पटरियों से अवैध कब्जों को हटवाया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानदारों और ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। पुलिस ने सड़क किनारे लगे ठेले, खोमचे और अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटवाते हुए यातायात को सुचारु करने का प्रयास किया।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, आम लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। इससे आवागमन में काफी दिक्कत होती थी।