गौरीबाजार। पुलिस भर्ती प्रक्रिया मेरिट से कराए जाने के विरोध और लिखित परीक्षा कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को गौरीबाजार रामपुर चौराहे पर छात्रों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
जाम की सूचना पर पहुंचे एसओ ने छात्रों को मनाने का प्रयास किया लेकिन छात्र मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम के माध्यम से भेजने पर अड़े थे। काफी समझाने पर वे मान गए। जाम से गोरखपुर, देवरिया, रुद्रपुर और हाटा मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात थमा रहा।
शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब सोनू यादव, दीपक यादव के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र गौरीबाजार रामपुर चौराहे पर पहुंचे और जाम लगा दिया। जाम कर रहे लोगों ने कहा कि पुलिस भर्ती में नई प्रक्रिया अपनाई गई है। मेरिट के आधार पर अब भर्ती होगी।
यह गलत है। नकल कर मेरिट पाने वाले छात्र पुलिस में भर्ती हो जाएंगे। पढ़ने वाले लड़के भर्ती प्रक्रिया से दूर हो जाएंगे। इसके अलावा सीबीएससी और यूपी बोर्ड के छात्रों में मेरिट का काफी अंतर होता है। नई प्रक्रिया में काफी कमियां है। बिना लिखित परीक्षा के भर्ती संभव नहीं है।
इस दौरान नीरज सिंह, जितेन्द्र यादव, मोनू राठौर, अवनीश राय, चंदन यादव, रोहित पटेल, डब्लू सिंह, सुनील प्रजापति, विश्वजीत, अनूप यादव, श्यामराजभर, पवन राठौर, रामसिंह, श्रीराम यादव, सोनू सिंह, अनिल पहलवान, अरुण पासववान, विजय, श्रीराम राजभर, मिथलेश, श्याम कुमार, साकेत यादव, राहुल शर्मा सहित कई लोग मौजूद थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसओ अनिल पांडेय ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर मामले को शांत कराया।