संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महिलाओं से लूट की दो अलग-अलग वारदातों ने पुलिस विभाग को अलर्ट कर दिया है। एक मामला गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सिरजम पेट्रोल पंप के पास का है, जबकि दूसरा सदर कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर चौराहे का। दोनों मामलों में पीड़ित महिलाओं ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पहली वारदात में उदयपुरा, बरियापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पूनम देवी बुधवार को पति और भतीजे के साथ गोरखपुर जा रही थीं। रास्ते में सिरजम पेट्रोल पंप के पास तीन बाइक सवारों ने उनका पर्स छीन लिया था। पर्स में 50 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड था। शोर मचाने पर बाइक सवार भाग गए थे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी वारदात में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गांव निवासी सुनीता गुप्ता और उनकी मां लक्ष्मीना गुप्ता शहर से बाजार कर लौट रही थीं। भीमपुर चौराहे के पास बाइक सवार दो नकाबपोशों ने उनका बैग झपट लिया थाए जिसमें 20 हजार रुपये, एक सोने की माला और जरूरी दस्तावेज थे।
एसओजी और कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकिए कई कैमरे निजी प्रतिष्ठानों के हैं, जिससे फुटेज अधूरी मिली। कोतवाल दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही लूट की वारदातों का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस की टीमें लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।