खुखुंदू क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के पास सरेराह रोडवेज बस में चढ़कर चालक-परिचालक की पिटाई और तोड़फोड़ का मामला
पुलिस वारदात के दौरान वायरल वीडियो के माध्यम से हमलावरों की पहचान में जुटी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के पास बुधवार दोपहर में सवारी बैठाने को लेकर रोडवेज बस के चालक-परिचालक की पिटाई और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने अज्ञात ई-रिक्शा चालक समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बस मालिक की तहरीर पर की है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद अब वायरल हो रहे वीडियो के माध्यम से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
बताते चलें कि देवरिया से एक अनुबंधित बस बुधवार को सवारी लेकर सलेमपुर के लिए चली। बस में तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिधावें गांव निवासी चालक रणविजय यादव और कुशीनगर हाटा क्षेत्र के रहने वाले संविदा परिचालक संजीत चौहान बस लेकर अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर खुखुंदू क्षेत्र के बहादुरपुर के पास पहुंचे थे। तभी वहां सड़क पर खड़े सवारी को बैठाने को लेकर ई-रिक्शा चालक से विवाद हो गया। उसने मोबाइल फोन से मौके पर अपने साथियों को बुलाकर चालक-परिचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर अफरातफरी भी मची रही। उधर, पूरे वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इस मामले में सदर कोतवाली क्षेत्र के मलकौली निवासी बस मालिक राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ई-रिक्शा चालक और बाइक सवार समेत अन्य हमलावरों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ का रिपोर्ट दर्ज की है। मालिक का कहना है कि चालक और परिचालक को गंभीर चोटें आई है। दोनों का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। इसके अलावा पुलिस भी मेडिकल कराई है। वारदात के बाद से दोनों बहुत ही घबराएं हुए है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर वायरल वीडियो के माध्यम से उनकी पहचान की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।