रुद्रपुर। डहरौली गांव के समीप पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देने वाले लुटेरों में से मास्टर माइंड अभी पुलिस को चकमा दे रहा है।
पुलिस घटना का खुलासा करने से कुछ ही कदम दूर बताई जा रही। लूट में गोरखपुर के बड़हलगंज इलाके के छह बदमाशों का शामिल होना बताया जा रहा है, इनमें से चार पुलिस की गिरफ्त में हैं। पकड़े गए बदमाशों में दो नाबालिग हैं। घटना का मास्टर माइंड बड़हलगंज थाना क्षेत्र में छोटी-मोटी मारपीट और रंगदारी की वारदातों में शामिल रहा है।
रुद्रपुर-नरायनपुर गांव के समीप मुख्य मार्ग पर बेलवा दुबौली गांव निवासी ओंकार साहनी का पेट्रोल पंप है। शनिवार को पेट्रोल पंप पर डहरौली गांव निवासी सेल्समैन सचिन साहनी गाड़ियों में पेट्रोल डाल रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार छह बदमाश पहुंचे।
उनमें से तीन उसके पास पहुंचकर बैग छीनने लगे। छीनाझपटी कर रहे एक बदमाश ने असलहा निकाल लिया। रुपये वाला बैग छीनकर बाइक से सभी छह बदमाश नारायणपुर की ओर भाग गए। भागते समय बदमाशों ने असलहे से फायर भी किया। पुलिस को घटना स्थल से 32 बोर की खाली कारतूस मिली।