भटनी। थाना क्षेत्र में दुकान से हुई चोरी का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपियों में दो स्थानीय तो एक बिहार प्रांत का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कही है।
भटनी पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र के महुरांव गांव निवासी शुभनाथ शर्मा कीबिहार बाॅर्डर स्थित लक्ष्मीपुर चौराहे पर गैस रिफिलिंग की दुकान है। 14 अप्रैल की रात दुकान से गैस सिलिंडर समेत अन्य सामान चोरी हो गया था।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने चौराहे के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो आरोपियों की पहचान हो गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने शुक्रवार को मठिया गांव के पास से तीन आरोपियों नितेश यादव, निवासी मठिया, कन्हैया बैठा निवासी रामपुर खोरीबारी और विशाल बैठा निवासी मारड़ खास थाना विजयीपुर बिहार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मठिया गांव के एक बगीचे से चोरी के दो इंडेन गैस सिलिंडर, डाटा केबल, एडाप्टर, सुपर वाइस, जिंक एलाय, यूनीसन, मोटरसाइकिल व साइकिल के ट्यूब, सुरक्षा गैस पाइप तथा सात स्टोव चूल्हा टाप बरामद किए गए।
एसओ मृत्युंजय राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि भटनी के लक्ष्मीपुर चौराहा स्थित दुकान से चोरी गई समान के साथ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पूछताछ में उन्होंने रुपये कमाने के लिए चोरी की वारदात करने की बात कही है। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।