वांछित अपराधियों को जल्द करें गिरफ्तार : एसपी
देवरिया। पुलिस लाइंस के प्रेक्षागृह में रविवार को सम्मेलन और मनोरंजन कक्ष में अपराध गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें वांछित अपराधियों के गिरफ्तारी, अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए।
अपराध गोष्ठी से पूर्व पुलिसकर्मियों का सम्मेलन प्रेक्षागृह में किया गया। इसमें कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के बारे में जानकारी ली गई। इसमें पाया गया कि पूर्व के सभी मामलों का निराकरण कर लिया गया है। सम्मेलन के दौरान कुछ कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं बताईं। इसके निस्तारण के निर्देश संबंधित को दिए गए। इसके बाद मनोरंजन गृह में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया।
एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने, कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतया पालन करते हुए ड्यूटी के निर्वहन के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त टॉप-10 बदमाशों की गिरफ्तारी, कच्ची और अवैध शराब पर अंकुश लगाने, गैंगस्टर आदि कार्रवाई करने की बात कही गई। सभी सीओ को बीट बुक चेक करने और रिपोर्ट एसपी को देने के लिए कहा गया। उन्हें अपने क्षेत्र में लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के निर्देश दिए गए। सभी सीओ, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर शरारती तत्वों पर कड़ाई से अंकुश लगाएं। इसके साथ ही लूट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने, प्रतिदिन वाहन चेकिंग, पैदल गश्त, रात में बैंक/एटीएम की प्रभावी चेकिंग करने के निर्देश दिए। रात नौ बजे के बाद संदिग्ध मिलने पर पूछताछ करने के निर्देश दिए। पैरोल पर छूटे बदमाशों पर विशेष नजर रखें।
इस अवसर पर एएसपी शिष्यपाल, सीओ सलेमपुर लाल प्रताप सिंह, बरहज दिनेश कुमार यादव, सिटी निष्ठा उपाध्याय, समस्त थाना प्रभारी, निरीक्षक एलआईयू, प्रतिसार निरीक्षक, आशुलिपिक पुलिस अधीक्षक, वाचक पुलिस अधीक्षक, प्रधान लिपिक, प्रभारी कोरोना सेल, प्रभारी डायल 112, प्रभारी परिवहन शाखा, प्रभारी सम्मन सेल आदि उपस्थित रहे।