भागलपुर। लार थाना क्षेत्र के देवसिया गांव में दो दिन पहले छत के रास्ते घर में घुसे चोरों की हरकत सीसीटीवी फुटेज में रिकाॅर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज निकालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है। उधर, दोपहर बाद पहुंची फॉरेंसिक टीम ने वारदात स्थल से नमूना एकत्रित कर लैब में भेज दिया। लोगों ने घटना के खुलासे की मांग की है।
लार थाना क्षेत्र के देवसिया गांव निवासी धर्मेंद्र पांडेय और राजकुमार गोंड के घर में दो दिन पहले छत के रास्ते चोर दाखिल हो गए। परिजनों के मुताबिक दोनों घरों से 15 लाख से अधिक के सामान लेकर चंपत हो गए। पीड़ितों के तहरीर के आधार पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
शनिवार को दुबारा पहुंची पुलिस ने पड़ोस के घर में लगे फुटेज को खंगाला, जिसमें एक चोर छत पर चढ़ झाड़ी में छुपे अन्य साथियों को टार्च जलाकर इशारे से बुला रहा है।
उसके बाद तीन चोर हाथ में लोहे का राॅड और हथियार लिए मुख्य दरवाजा के रास्ते घर में घुस रहे हैं। कुछ देर बाद चोर बाहर निकलकर राजकुमार गोंड के घर में खिड़की का ग्रिल तोड़ दाखिल हुए और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस चोरों का हुलिया देख उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। चर्चा है कि कुछ लोगों से पूछताछ भी चल रही है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में चोरों की फुटेज मिली है। इसके सहारे टीम वारदात को अंजाम देने वालों को तलाश रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।