संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपार रानी। बिहार में विधानसभा चुनाव की घोषणा और बॉर्डर के जिलों में प्रथम चरण के हो रहे नामांकन को लेकर बिहार पुलिस काफी सतर्क दिख रही है। बॉर्डर क्षेत्र पर प्रमुख रूप से शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रही है, इसके निमित्त बॉर्डर पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस के साथ ही बिहार पुलिस के जवान लगाए गए हैं और जगह-जगह टेंट डालकर बैरियर लगाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
बिहार में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसका बिगुल बज गया है जबकि प्रथम चरण में ही सिवान व गोपालगंज जनपदों में चुनाव होने हैं। इसको लेकर बिहार पुलिस काफी सतर्क है। यूपी बिहार सीमा के खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार के समीप बिहार के भोरे थाना क्षेत्र के पाखोपाली के समीप पुलिस का टेंट पड चुका है। वहीं बिहार पुलिस के साथ भारत तिब्बत सीमा पुलिस की तीसरी बटालियन के सिपाही भी लगाए गए हैं। बिहार पुलिस का मुख्य उद्देश्य हर हाल में यूपी से बिहार में जा रहे शराब के खेप को रोकना है। क्योंकि चुनाव को देखते हुए बिहार में शराब की मांग बढ़ गई है, खासतौर से देशी शराब की। पुलिस के साथ मद्य निषेध विभाग भी सक्रिय हो गया है। थानाध्यक्ष भोरे राजेश कुमार का कहना है कि चुनाव को लेकर बिहार पुलिस सक्रिय है अपराधियों व शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई की जा रही है। बॉर्डर क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।