खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मगहरा चौराहा स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार आधी रात में एक पिकअप ने सामने से आ रही कार में टक्कर मार दी, जिससे कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों वाहनों को पुलिस कब्जे में ले लिया है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा। माता-पिता शव से लिपटकर दहाड़े मारकर रोने लगे। खुखुंदू थाना क्षेत्र के मझवलिया गांव निवासी कुलदीप कुशवाहा के घर से शनिवार को लार थाना क्षेत्र के अजना गांव में तिलक गई थी। इसमें गांव के विकास कुशवाहा 25 अपने दोस्त की कार लेकर गया था।
वहां तिलक समारोह संपन्न होने के बाद विकास गांव के लिए निकला था। वह अभी मुसैला-मईल मार्ग पर मगहरा चौराहे के पेट्रोल पंप पर ही पहुंचा था कि सामने से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार चालक विकास की मौके पर ही मौत हो गई।
आगे सीट पर बैठा दूसरा युवक भी घायल हो गया है। उधर, घटना के दौरान तेज आवाज सुन मौके पर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई के लिए भेज दिया।