लार। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान इनके मोबाइल में पकड़े गए युवकों सहित तीन अन्य का असलहे के साथ फोटो मिला।
इसके आधार पर थाना क्षेत्र के एक गांव पहुंची पुलिस ने देर रात तक छापा मारा। हालांकि तीन युवक अभी भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं।
लार थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ भाटपार रानी थाना क्षेत्र का युवक बृहस्पतिवार की शाम को बिना नंबर प्लेट की बाइक से बाजार में घूम रहा था। पुलिस ने इन्हें रोककर बाइक का पेपर दिखाने को कहा। पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी ली। इनके मोबाइल को भी चेक किया। मोबाइल में युवकों का असलहे व चाकू के साथ गाने पर रील और फोटो मिला। पूछताछ में युवकों ने तीन अन्य युवकों का भी असलहे के साथ फोटो दिखाया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह फोर्स के साथ उन तीन युवकों की तलाश में कई जगह छापा मारने पहुंचे लेकिन वे नहीं मिले। एसओ संतोष सिंह ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा तीन की तलाश चल रही है। जिस असलहे को लेकर युवकों ने फोटो खींचा है, उसे जल्द बरामद कर लिया जाएगा। संवाद