बिजनेस के सिलसिले में जा रहे थे लखनऊ, घने कोहरे में आगे चल रहे ट्रक ने अचानक लगा दी ब्रेक
बरहज- रामसनेहीघाट। शहर के एक पेट्रोल पंप मालिक की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। वह व्यवसाय के सिलसिले में लखनऊ जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुराना बरहज निवासी और पेट्रोल पंप मालिक मुन्ना चंद जायसवाल (52) शनिवार की रात को चालक वशीर के साथ बिजनेस के सिलसिले में लखनऊ के लिए निकले। कार उनका ड्राइवर बशीर चला रहा था। अयोध्या लखनऊ नेशनल हाईवे पर रामसनेहीघाट की सीमा पर पूरे लाेधेसिंह पुरवा के पास घने कोहरे में आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके बाद कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुन्ना जायसवाल की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक को चोटें आईं।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकलवाया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। परिवार के लोगों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने गाड़ी को क्रेन से हाइवे से किनारे हटवाया। इंस्पेक्टर ओपी तिवारी ने बताया कि पुलिया से टकराने के कारण कार सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चालक जख्मी है।
उधर, पति के मौत की जानकारी होने पर रीता देवी पछाड़ खाकर गिर पड़ीं। जबकि पुत्र आयुष, मोनिका, मालिनी का रो-रो कर बुरा हाल था। दरवाजे पर शुभेच्छुओं की भीड़ जमा हो गई। जानकारी होने पर परिवार के लोग लखनऊ के लिए निकल पड़े। मुन्ना जायसवाल तीन भाईयों में सबसे छोटे थे। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है।