खुखुंदू। खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक से सदर कोतवाली क्षेत्र की युवती ने कोर्ट मैरिज की थी। पति किसी शहर में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर ससुर के साथ रहने वाली बहू अपने दो बच्चों को साथ लेकर फरार हो गई। ससुर ने एक माह तक उसके लौटने का इंतजार किया। अब एसपी को शिकायती पत्र रजिस्ट्री किया है। इसके पहले वह खुखुंदू थाने पर भी शिकायत कर चुके हैं। ससुर ने पत्र में बताया है कि करीब एक माह पहले वह बाजार से सामान खरीदने गए थे इस बीच बहू बच्चों को लेकर गायब हो गई।
अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज
देवरिया। तरकुलवा थानाक्षेत्र के खुटहां पटखौली गांव के एक किशोर के घर से लापता होने के मामले में पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के खुटहां पटखौली के रहने वाले मुख्तार सिद्दीकी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनका 16 वर्षीय बेटा साहिल सिद्दीकी 12 जनवरी की सुबह पांच बजे से लापता हो गया है। इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी, तीन पर केस
देवरिया। तरकुलवा थानाक्षेत्र के रामपुर खास गांव के एक शिक्षक व उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी और हत्या एवं दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देने पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तरकुलवा थाना क्षेत्र के रामपुर खास गांव के रहने वाले दिनेश प्रताप राव ने पुलिस को तहरीर दी है।
बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने फेसबुक एकाउंट के जरिए अभद्र टिप्पणी की और दुष्कर्म व हत्या जैसे गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी दी है। आरोप है कि इस कृत्य में आरोपी के पिता और उसके भाई भी सहयोगी हैं। पुलिस ने रामपुर खास गांव के अजय कुमार, पिता दीनानाथ और भाई रोहित पर केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि तीन लोगों पर आपराधिक षड्यंत्र और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
दुकान में घुसकर मारपीट का आरोप
सलेमपुर। लार थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर चटिया मजार के पास स्थित एक टाइल्स की दुकान में कुछ मनबढ़ों ने मारपीट की और दुकानदार को घायल कर दिया। पटना गांव निवासी गुलामे गौस ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दुकान पर अकेले बैठा था। इसी बीच कुछ लोग लाठी डंडे से लैस होकर आए और गाली देते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। शोर सुनकर लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए।