ट्रेन से गिरकर शख्स की मौत
देवरिया। अहिल्यापुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर एक शख्स की मौत हो गई। सदर कोतवाली पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिवारवालों को सूचना दी। वह किसी काम से बिहार के समस्तीपुर जा रहे थे।
गोरखपुर जिले के बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के मदरहवा टोला झझवा निवासी 55 वर्षीय राजेश दुबे शनिवार की रात आठ बजे घर से बिहार के हाजीपुर जाने के लिए निकले। गोरखपुर से वह दो दोस्तों संग ट्रेन में सवार हुए। अहिल्यापुर रेलवे स्टेशन के पास भोर में वह ट्रेन से गिर गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। रेलवे के प्वाइंटमैन ने मामले की जानकारी सदर कोतवाली पुलिस को दी। परिवारवालों ने शव की शिनाख्त की। मृतक का एक बेटा रजनीकांत दुबे और बेटी पूजा दुबे हैं। मौत की सूचना पर पहुंची पत्नी अंजू दुबे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि ट्रेन से गिरने से राजेश की मौत हुई है। वह ट्रेन से कैसे गिरे? इसके बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है। उनके साथ जा रहे दोनों लोग बिहार पहुंच गए हैं। उनके लौटने पर जानकारी मिलेगी।