देवरिया/सलेमपुर। शराब की दुकान को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा। भीखमपुर रोड वार्ड-10 से अंग्रेजी शराब की दुकान हटाए जाने के विरोध में सैकड़ों लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि शराब की दुकान हटाई जाए। हालांकि प्रशासन ने मामले के स्थायी निदान तक शराब की दुकान नहीं खोलने का आदेश दिया। उधर, सोनूघाट, गोपालपुर के पास नई दुकान खोले जाने से नाराज लोगों ने हंगामा किया। इसके अलावा सलेमपुर से सटे कटाई बाबा की ओर जाने वाली सड़क पर देशी शराब की दुकान खुलने से नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया।
भीखमपुर रोड, एक्सिस बैंक के सामने अंग्रेजी शराब की दुकान है। आसपास कई स्कूल और मंदिर हैं। मकान मालिक के दूसरे भाई ने शराब की दुकान का विरोध किया। मोहल्ले के अजय सिंह, भैरो गुप्ता सहित अन्य लोग सड़क पर आ गए और हंगामा करने लगे। समर्थन में आईं महिलाओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। अजय सिंह ने कहा कि दुकान हटाने को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र दिया जा चुका है। भीखमपुर रोड बिहार को जोड़ती है। जिस जगह शराब की दुकान है, उसके अगल-बगल मंदिर और विद्यालय हैं। तत्काल शराब की दुकान बंद की जाए। मामले की जानकारी डीएम को दी गई। तहसीलदार और कोतवाल ने लोगों को शांत कराया।
विवाद तक शराब की दुकान बंद रहेगी। इस दौरान राजू मद्घेशिया, राजू गुप्ता, अमित गुप्ता, सुभाष पटेल, हरिओम गुप्ता, नीरज पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद थे। उधर, सोनूघाट चौराहे से शराब, बीयर की दुकान हटाकर गोपालपुर में खोले जाने का गांव के लोगों ने विरोध किया। उनका कहना है कि शराब की दुकान इलाके में नहीं रहेगी। नाराज लोगों ने सड़क पर हंगामा किया। किसी तरह अधिकारियों ने मामले को शांत कराया। दूसरी ओर सलेमपुर से सटे कटाई बाबा की ओर जाने वाली सड़क पर देशी शराब की दुकान खुलने से नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया।
लोगों का उग्र रुख देख शराब की दुकान पर काम करने वाले वर्कर भाग निकले। लोगों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। प्रदेश सरकार ने हाइवे, स्कूल, मंदिर और घनी आबादी से करीब 500 मीटर दूर शराब की लाइसेंसी दुकान खोलने का फरमान जारी किया है। इससे लाइसेंसी शराब दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ गई है। नए स्थान पर दुकान खोलने को लेकर इसका चौतरफा विरोध हो रहा है। नगर के इचौना में संचालित हो रही देशी शराब की लाइसेंसी दुकान कटाई बाबा की ओर जाने वाली सड़क के किनारे परान छपरा गांव के पास खुल रहा है। इसके लिए ठेकेदार के वर्कर मंगलवार को वहां पहुंचे थे।
इसकी जानकारी होने पर परान छपरा के प्रधान प्यारेलाल के नेतृत्व में महिलाएं और पुरुष पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। यह देख वहां से ठेकेदार के वर्कर भाग गए। करीब एक घंटे तक लोग वहां जमे रहे। लोगों ने कहा कि किसी भी कीमत पर यहां दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। प्रदेश सरकार का जो मानक है। उसे ताक पर रखकर ठेकेदार दुकान खोलना चाहता है। इस दौरान रमेश यादव, भूपेंद्र मिश्र, उपेंद्र चौहान, मनोज कुमार, उपेंद्र यादव, बेबी देवी आदि मौजूद रहीं।