सलेमपुर। मामूली बात पर दो पड़ोसी दुकानदारों के बीच मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने लाइसेंसी असलहा निकाल लिया। नाराज दुकानदारों ने असलहा निकालने वाले दुकानदार की पिटाई कर दी।
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और घायल दुकानदार का इलाज कस्टडी में कराया। कार्रवाई की मांग को लेकर दुकानदारों ने कोतवाली में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और नाराज लोगों के बीच बहस भी हुई। पुलिस ने कोतवाली पहुंचे दुकानदारों को खदेड़ दिया।
इचौनी पश्चिमी वार्ड निवासी संतोष मद्धेशिया संत तुलसी मार्ग में बेकरी की दुकान है। बगल में लोहरौली गांव निवासी झुन्ना यादव की कपड़े की दुकान है। झुन्ना यादव के दुकान के बाहर लगे बोर्ड पर किसी ने पान खाकर थूक दिया था।
इस पर दोनों दुकानदारों के बीच तकरार हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि झुन्ना यादव और इनके भाइयों ने मिलकर संतोष मद्घेशिया की दुकान में घुसकर पिटाई की और सामान फेंक दिया।
चर्चा है कि झुन्ना यादव पक्ष से किसी ने लाइसेंसी असलहा निकाल लिया। यह देखकर आस-पास के दुकानदार भड़क गए और झुन्ना यादव पक्ष के लोगों की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर में छिपे झुन्ना यादव पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने घायल संतोष का इलाज सीएचसी पर कराया। कुछ देर बाद दुकानदार उग्र हो गए और बाजार की दुकानें बंद करा प्रदर्शन करते हुए कोतवाली पहुंचे। कोतवाली में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी भी हुई।
इस बाबत प्रभारी कोतवाल अशोक यादव ने बताया कि संतोष की तहरीर पर झुन्ना यादव, मुन्ना, रितेश पर बलवा, दुकान में घुसकर मारपीट करने का केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा तीन अज्ञात पर भी केस दर्ज कराया गया है। असलहा निकालने का आरोप गलत है।