जच्च्ाा बच्चा की माैत के बाद जुटे लाेग।
- फोटो : अमर उजाला
ऑपरेशन के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। इससे नाराज तीमारदारों ने हंगामा किया। मामला बढ़ता देख डॉक्टर और कर्मचारी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। घर वाले बिना पीएम कराए लाश को लेकर चले गए।
बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर गांव निवासी संतोष यादव की एक साल पूर्व शादी सिवान के आंधर बाजार की रहने वाली नीतू के साथ हुई। रविवार की रात को नीतू को प्रसव पीड़ा शुरू हुआ। घर वाले मैरवा बाजार के मझौली मोड़ पर स्थित एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने की बात कही और इसके एवज में 50 हजार रुपये जमा करा लिया।
ऑपरेशन के दौरान प्रसूता और नवजात बच्ची की सोमवार अपराह्न करीब 2 बजे मौत हो गई। इसकी जानकारी होने घर वाले अस्पताल में बवाल करने लगे। इससे अस्पताल में अफरा तफरी मच गई और डॉक्टर व कर्मचारी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची मैरवा पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। घर वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और घर लेकर चले गए। इस बाबत मैरवा एसओ मनोज कुमार ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत हो गई थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।