कोतवाली रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक पर लगी ग्राहकों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
गौरीबाजार। बैंकों में केश किल्लत अब विकराल रूप लेती जा रही है। गौरीबाजार क्षेत्र कई बैंकों की शाखाएं हैं लेकिन हर जगह शुक्रवार को भी कैश क्राइसिस रहा। गौरीबाजार की स्टेट बैंक शाखा में रुपये नहीं होने की सूचना पर घंटों से लाइन में लगीं महिलाएं भड़क उठीं। बैंक के चैनल को जमकर पीटा।
इसके बाद रामपुर चौराहे पर जाम लगा दिया। गोरखपुर-देवरिया और हाटा-रुद्रपुर मार्ग एक घंटे तक ठप रहा है। चारों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। नाराज लोगों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। गौरीबाजार स्टेट बैंक की शाखा से भोर से ही लंबी लाइन लगी थी। 11 बजे पता चला कि रुपये नहीं हैं। यह बात सुनते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाएं उत्तेजित हो गईं। गुस्से में बैंक के चैनल को पीटने लगीं।
इसमें कतार में लगे पुरुषों ने भी उनका साथ दिया। इसके बाद जुलूस की शक्ल में रामपुर चौराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। यह जाम एक घंटे तक चला। इससे गोरखपुर-देवरिया, हाटा-रुद्रपुर मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। जाम की सूचना पाकर पहुंचे इंस्पेक्टर ने समझा कर जाम खत्म कराने की कोशिश की लेकिन भीड़ जाम खोलने को तैयार नहीं थी। उनकी मांग थी कि कैश बंटने के बाद ही जाम समाप्त होगा।
इंस्पेक्टर ने आश्वासन दिया कि सोमवार को हर हाल में कैश का वितरण कराया जाएगा। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। इंदूपुर में सेंट्रल और पूर्वांचल बैंक की शाखा है। दोनों ही बैंक कैश लेस थे। इससे लाइन में लोगों ने नाराजगी जताई। सिर्फ यूनियन और इंडियन बैंक से रकम बांटे गए। इन दोनों बैंकों में कतार में लगे लोगों को कम अमाउंट की धनराशि दी गई। कुछ लोगों के एतराज जताने पर उन्हें कुछ ज्यादा रकम दी गई।