सलेमपुर। कोहरे की कहर से ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गई है। आनंद बिहार से सीतामढ़ी जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस को निरस्त हो गई। इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत भटनी-वाराणसी रूट की कई ट्रेनें विलंब से चली। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मडुआडीह से गोरखपुर तक चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस तीन दिन से तय समय से पांच घंटे विलंब से सलेमपुर पहुंच रही है। पैैसेंजर और एक्सप्रेस भी घंटों विलंब से चल रहीं हैं। यात्रियों को सर्दी में प्लेटफॉर्मों पर रात गुजारनी पड़ रही है। गुरुवार को लिच्छवी एक्सप्रेस डाउन को निरस्त कर दिया गया। लिच्छवी एक्सप्रेस अप दस घंटे विलंब से सलेमपुर पहुंची।
चौरीचौरा, हावड़ा एक्सप्रेस डाउन भी सात घंटे विलंब रही। स्टेशन पर पहुंचे शंभू, रामकृपाल, प्यारेलाल, त्रिभुवन ने बताया कि ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है। नई दिल्ली जाने के लिए इस रूट की इकलौती ट्रेन लिच्छवी है जो काफी विलंब से चल रही है।
बीच-बीच में निरस्त भी कर दिया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक मैनेजर सिंह ने बताया कि कोहरे के साथ-साथ भटनी-वाराणसी रेल लाइन डबल करने का काम चल रहा है। इसके चलते ट्रेन विलंब से चल रही है।