बदमाशों को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा, 10 लोगों पर बलवा का मुकदमा
देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बलियवां गांव में दो गाड़ियों से पहुंचे मनबढ़ किस्म के युवकों में पांच को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें तमंचा बरामद हुआ। श्रीकृष्ण चौबे की तहरीर पर पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को गेहूं की सफल काटने की बात पर ग्राम प्रधान पुत्र से कहासुनी हो गई थी। देर शाम दो गाड़ियों से दस लोग श्रीकृष्ण चौबे के दरवाजे पर पहुंच गए और धमकी देने लगे। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बदमाशों को घेर लिया। पांच तो फरार हो गए लेकिन, पांच को दबोच लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान तमंचा बरामद कर थाने ले गई। जहां शुक्रवार को हिमालय यादव निवासी मलपुरवा थाना मदनपुर, विशाल पाठक निवासी रुद्रपुर थाना रुद्रपुर, शिवम श्रीवास्तव निवासी मदनपुर थाना मदनपुर, बृजेश यादव व सनोज यादव निवासी बलियवा थाना रामपुर कारखाना सहित दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों चार पहिया वाहनों को सीज कर दिया है।