कपरवार। स्थानीय चौराहे पर बुधवार को बस पकड़ने जा रही एक महिला ने टप्पेबाज को पहचान लिया। वह शोर मचाने लगी। इससे टप्पेबाज भागने लगा। लोगों ने बाइक से पीछा कर उसे दबोच लिया। सूचना पर पहुंची बड़हलगंज पुलिस उसे साथ ले गई।
रुद्रपुर के समदा गांव की मालती पांडेय पत्नी हेमंत पांडेय बुधवार को बड़हलगंज के कोहड़ा स्थित मायके से वापस घर जा रहीं थी। कपरवार चौराहे पर भाई के साथ बाइक से आई हुई थी।
इसी बीच चौराहे पर एक संदिग्ध को देख शोर मचाने लगी। महिला को शोर मचाता देख संदिग्ध बरहज की ओर भागने लगा, जिसे लोगों ने दौड़ाकर बेलडाड़ चौराहे के पास पकड़ लिया। जानकारी होने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को महिला अपने मायके जाने के लिए उग्रसेन पुल पार करने के लिए पैदल जा रही थी। इसी बीच पकड़े गए संदिग्ध ने लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठा लिया था। सुनसान स्थान पर महिला के गले से मंगलसूत्र छीन कर भाग गया था।
चौकी इंचार्ज लक्ष्मीनारायण द्विवेदी ने बताया कि पकड़े टप्पेबाज द्वारा महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की बात सामने आ रही है। आरोपी को बड़हलगंज पुलिस साथ ले गई है।
महिला के मुताबिक, मुजौना गांव के पास बाइक सवार उन्हें मुख्य सड़क से करीब 150 मीटर अंदर ले गया और अपनी जमीन देखने की बात कही। वहां पहुंचने के बाद वह महिला को बातों में उलझाने लगा। इसी दौरान उसने झपट्टा मारकर उसके गले से मंगलसूत्र छीन लिया था। सीओ गोला दरवेश कुमार ने बताया कि के कपरवार में पकड़े जाने की सूचना मिली है।