भाटपाररानी। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों मे लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम उपभोक्ता से लेकर किसान तक परेशान हैं। इससे धान की रोपाई भी प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं ने इसके विरुद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र में पिछले कई दिनों और रात्रिकालीन बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं से लेकर किसान तक परेशान हैं। उमस भरी गर्मी में रात में कई-कई बार बिजली गुल होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। वहीं किसान भी परेशान हैं। धान की रोपाई नही हो पा रही है। खेत मे पानी पहुंचते ही बार बार बिजली कट जाने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है।
उपभोक्ता मोहन प्रसाद, अंजनी तिवारी, गुरु प्रसाद पांडेय, पंडित पांडेय, कृष्णा पांडेय आदि ने बताया है कि रात में अनेकों बार बिजली आती-जाती है। कुछ देर आपूर्ति बहाल होने के बाद फिर ट्रिपिंग शुरू हो जाती है।
इससे पंखे, कूलर और अन्य बिजली उपकरण भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों से फाल्ट की समस्या अधिक रह रही है।