बिना मास्क लगाए चल रहे थे, भरना पड़ा जुर्माना
सदर कोतवाली पुलिस ने विभिन्न जगहों पर की चेकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बिना मास्क लगाकर चलने वालों को पुलिस ने रविवार को रोककर जुर्माना वसूला। अब तक इस मद में लाखों रुपये हो चुके हैं। जुर्माना भरने के बाद भी लोग आदत में सुधार नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा वाहनों का ई-चालान भी किया गया।
सदर कोतवाल के गरुणपार, सेंटर चौकी, सिविल लाइंस, स्टेशन रोड, भुजौली के साथ ही बरियारपुर इलाके के इंचार्ज चेकिंग किए। सभी ने मिलकर 200 से अधिक लोगों को बिना मास्क लगाकर चलते हुए पकड़ लिया। प्रत्येक से 100 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा ई-चालान से एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया। सोनूघाट प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय चौराहे पर जेल चौकी इंचार्ज बृजेश दुबे ने वाहनों की चेकिंग की। 51 चार पहिया वाहनों का ई-चालान किया। वहीं, बिना मास्क लगाकर चलने वाले 10 दो पहिया वाहन चालकों से 1000 रुपये वसूल किए गए। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि बिना मास्क के घर से न निकलने की गाइडलाइन का तमाम लोग पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर जुर्माना वसूला जा रहा है। सदर कोतवाली क्षेत्र में 200 से अधिक लोगों से 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।