बघौचघाट। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को विकास खंड पथरदेवा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत बन रहे सीसी रोड की गुणवत्ता जांच को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने स्थापना पटल की उपस्थिति पंजिका, निरीक्षण पंजिका, सेवा पुस्तिका एवं जीपीएफ अभिलेखों का सघन परीक्षण किया। लेखाकार पटल समेत अन्य पटल का कार्य संतोषजनक पाया गया। इसके अलावा नवनिर्मित आवासीय भवनों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभागार में आयोजित बैठक में ग्राम पंचायत सचिवों, तकनीकी सहायकों एवं रोजगार सेवकों को विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने जल जीवन मिशन, स्वयं सहायता समूह गठन, फार्म रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, ई-केवाईसी, सामुदायिक शौचालय तथा कन्या सुमंगला योजना की प्रगति तेज करने पर जोर दिया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह,खंड विकास अधिकारी दीपक कुमार,अवर अभियंता आरईडी/लघु सिंचाई सहित सभी सहायक विकास अधिकारी एवं कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। संवाद